अमीनगर सराय। कोरोना महामारी में शिक्षण संस्थान और कोचिंग सेंटर बंद होने के कारण छात्र प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी सेल्फ स्टडी से कर रहे हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए छात्र लैपटॉप या मोबाइल फोन पर यू ट्यूब का सहारा ले रहे हैं।
कोरोना काल में लॉकडाउन होने के कारण कोचिंग सेंटर बंद हैं। अब युवा वर्ग के सामने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करना परेशानी का सबब बना हुआ है। युवा वर्ग घर में ही रहकर यू ट्यूब के माध्यम से परीक्षा की तैयारी में जुटे हैं। कस्बे के हर्ष पाराशर पुत्र हरिमोहन पाराशर का कहना है कि वह जेई मेस की तैयारी कर रहा है। कुछ दिन उसने कस्बे के एक कोचिंग सेंटर पर तैयारी की। मेरठ के एक इंस्टीट्यूट में आवेदन किया। मार्च माह के अंतिम सप्ताह में इंस्टीट्यूट में एडमीशन लेने की तैयारी की। लॉकडाउन होने के कारण उसका एडमीशन नहीं हो पाया। अब वह घर पर रहकर लैपटॉप पर यू ट्यूब के माध्यम से परीक्षा की तैयारी में जुटा हुआ है। आशीष कुमार पुत्र राम कुमार सैनी का कहना है कि वह भी जेई मेस की तैयारी कर रहा है। कस्बे से लेकर शहर तक के कोचिंग सेंटर बंद है। लॉकडाउन होने के कारण कोचिंग क्लास नहीं चल पा रही है। ऐसे में परीक्षा की तैयारी करने में परेशानी आ रही है। वह यू ट्यूब व अनसॉल्वड पेपर से परीक्षा की तैयारी कर रहा है।