बागपत। युवतियों की शादी के लिए कुंडली में एजुकेशन लोन का ग्रहण लगने लगा है। यह सुनने में थोड़ा अजीब लगता है कि आखिर ऐसा कैसे हो सकता है। मगर, इस तरह के मामले पुलिस के पास तक पहुंचे हैं कि जिनके नाम एजुकेशन लोन है, उनकी शादी में वह बाधा बनने लगा है।
एजुकेशन लोन केवल शादी में बाधा ही नहीं बन रहा है। जिन्होंने एजुकेशन लोन लिया हुआ था और उनकी शादी हो गई। उसके बारे में ससुराल वालों को बाद में पता चला तो उसको जमा करने पर विवाद भी हो गया। इस तरह का विवाद पुलिस के पास तक भी पहुंचा। हालांकि पुलिस के सामने विवाद निपट गया। मगर, इस तरह से एजुकेशन लोन भी शादी में बाधा बन सकता है और रिश्तों में खटास पैदा कर सकता है, शायद ही किसी ने सोचा होगा।
केस एक : बड़ौत के एक परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण बेटी को बीटेक कराने के लिए पांच साल पहले एजुकेशन लोन लिया था। यह सोचा था कि बेटी की पढ़ाई के बाद नौकरी लगने पर लोन चुका दिया जाएगा। मगर, परिस्थितियां ऐसी बनीं कि पढ़ाई होते खत्म होने से डेढ़ साल पहले शादी करनी पड़ गई। ऐसे में ससुराल वालों को एजुकेशन लोन के बारे में नहीं बता सके। अब एजुकेशन लोन का ससुराल वालों को पता चला तो विवाद हो गया और पुलिस तक मामला पहुंचा। हालांकि पुलिस ने परिवार परामर्श केंद्र में मामले को सुलझा दिया।
केस दो : बागपत में पुराने कस्बे की एक युवती ने नोएडा की एक निजी यूनिवर्सिटी मेंे एमबीए प्रवेश के लिए एजुकेशन लोन ले लिया। युवती के नाम पर लोन चल रहा है। पिछले महीने सगाई हो गई। बाद में ससुराल वालों को लोन का पता चला तो अभी शादी से हाथ पीछे खींच लिए। हालांकि शादी से इंकार नहीं किया, मगर शादी पीछे कर दी गई है।