ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने बिना किसी अनुमति के जोनमाना गांव में तीन किसानों के 98 पापुलर के पेड़ काट डाले। इसकी जानकारी पर किसान दिल्ली रोड बिजलीघर पर पहुंचे और अधिशासी अभियंता का घेराव किया।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य कृष्णपाल सिंह के नेतृत्व में जोनमाना के किसान दिल्ली रोड बिजलीघर पर पहुंचे और अधिशासी अभियंता पूर्ण चंद का घेराव किया।
उनका कहना था कि चार दिसंबर की रात में उन्हें बिना नोटिस दिए और उनकी बिना अनुमति के जोनमाना गांव के जंगल में महीपाल पुत्र केवल सिंह के 35, अनित पुत्र हरपाल सिंह के 38 और जोगेंद्र पुत्र नत्थू सिंह के 25 पापुलर के पेड़ काट दिए।
इनके ऊपर से बड़ौत बिजलीघर से किरठल 132 केवी विद्युत लाइन गई हुई है। इसको लेकर ग्रामीणों ने हंगामा किया। मुआवजा नहीं मिला तो आंदोलन करेंगे। आश्वासन पर किसान मान गए। हंगामा करने वालों में प्रमोद, अमित, अरविंद, चौहल, जोगिंद्र, महक सिंह, विकास, जयपाल आदि रहे।