बड़ौत। जयंत विहार में रविवार को चेकिंग करने पहुंची ऊर्जा निगम की टीम को लोगों ने बंधक बना लिया। इस दौरान निगम के कर्मचारियों और लोगों के बीच नोकझोंक भी हुई।
लोगों ने कहा जब कई दिन से सरकारी अवकाश चल रहे हैं, तो निगम की टीम चेकिंग अभियान क्यों चला रही है। उन्होंने निगम की टीम पर चेकिंग के बहाने अवैध वसूली करने का भी आरोप लगाया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और टीम को बंधन मुक्त कराकर मामला शांत किया।
जेई टाऊन इंद्रपाल के नेतृत्व में रविवार को ऊर्जा निगम की टीम कोताना रोड पर स्थित जयंत विहार में चेकिंग करने पहुंची, तो सूचना पर लोगों ने हंगामा कर टीम में शामिल टीजी-2 मनोज कुमार, सोमपाल, अंकित, मोहन, गुलाब, अमित, रोहित को बंधक बना लिया। इस दौरान लोगों की टीम के सदस्यों के साथ नोकझोंक भी हुई।
लोगों ने कहा कई दिन से सरकारी अवकाश चल रहा है। अवकाश के चलते न तो प्रशासनिक दफ्तर खुल रहे हैं और न ही बैंक। ऐसे मेें चेकिंग अभियान क्यों चलाया जा रहा है। उन्होंने निगम की टीम पर कनेक्शनधारकों को मानसिक शोषण करने और चेकिंग के बहाने अवैध वसूली करने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा जब विशेष समुदाय के लोगों का त्योहार होता है, तो सभी विभागों की छुट्टी कर दी जाती है, लेकिन हिंदू के त्योहारों में भी बिजली का चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। ऐसा पक्षपात क्यों।
हंगामा बढ़ता देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और टीम को बंधन मुक्त कराकर मामला शांत किया। इस संबंध में एसडीओ राहुल गौतम और जेई इंद्रपाल ने कहा एसई बागपत के निर्देश पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अवैध वसूली का आरोप निराधार है। हंगामे में सुनील, उपेंद्र, भूपेंद्र, राहुल, अमित, रामस्वरूप, बालकिशन, कलावती, शकुंलता, राजेश, प्रवीण शामिल रहे।