बागपत के गेटवे इंटरनेशनल स्कूल में विधानसभा चुनाव में वोट डालते कर्मचारी
- फोटो : amar ujala
बागपत। पोस्टल बैलेट पेपर से चल रहे मतदान के चौथे दिन 185 कर्मचारियों ने मतदान किया। विगत चार दिन में 1543 कर्मचारी मतदान कर चुके हैं। सोमवार को वोट डालने वालों की संख्या कम रही। अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों की वजह से डीएम ने मतदान के लिए दो दिन बढ़ाए थे।
विधानसभा के चुनाव में मतदान की ड्यूटी पर लगे कर्मचारियों को पोस्टल बैलेट पेपर से मतदान कराया जा रहा है। सोमवार को कर्मचारियों में मतदान के लिए उत्साह कम नजर आया। तीनों विधानसभा चुनाव के लिए 185 कर्मचारी ही मतदान करने के लिए पहुंचे। इसमें छपरौली विधानसभा के 60 कर्मचारियों ने मतदान किया। वहीं बड़ौत विधानसभा से केवल 68 कर्मचारी वोट डालने के लिए पहुंचे। बागपत विधानसभा से 57 कर्मचारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। तीनों विधानसभा के लिए अब तक 1543 पोस्टल बैलेट पेपर से मतदान कर चुके हैं। सोमवार को मतदान के लिए कर्मचारियों में कम ही उत्साह नजर आया। जिला निर्वाचन अधिकारी ह्दय शंकर तिवारी ने बताया सोमवार को 185 कर्मचारियों ने पोस्टल बैलेट से मतदान किया है। आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को मतदान के लिए निर्देश दिए हैं।
नहीं पहुंची आंगनबाड़ी और आशा
डीएम ने आशा और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को पोस्टल बैलेट पेपर से मतदान कराने के लिए दो दिन का समय दिया। सोमवार को कोई भी आंगनबाड़ी कर्मचारी वोट डालने नहीं पहुंची है। स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर वोट डालने के लिए पहुंचे।