त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव :
- डीएम ने चुनाव के लिए नामित किए नोडल अधिकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में मतदाताओं को कोरोना गाइडलाइन का पालन कराया जाएगा। मतदान अधिकारी पीईपी किट पहनकर संक्रमित का मतदान कराएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम राजकमल यादव ने चुनाव में कोरोना गाइड लाइन का पालन कराने के नोडल व सह नोडल अधिकारी नामित किए है। सीडीओ अभिराम त्रिवेदी को नोडल व सीएमओ आरके टंडन, डीपीआरओ कुमार अमरेंद्र को सहायक नोडल व एसीएमओ डॉ. गजेंद्र सिंह को नोडल स्वास्थ्य अधिकारी नामित किया है।
चुनाव से दो दिन पूर्व मतदान केंद्रों पर सीएमओ की रिपोर्ट के आधार पर पीईपी किट के अलावा सैनिटाइजर, फेस मास्क व दस्ताने की व्यवस्था कराई जाएगी। मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण एवं रवानगी से पूर्व थर्मल स्कैनिंग कराई जाएगी। वाहनाें को भी सैनिटाइज कराया जाएगा। प्रत्येक कर्मी आरोग्य सेतु एप डाउनलोड कर उसका उपयोग करेगा। सार्वजनिक स्थान पर थूकना, तंबाकू व मादक पदार्थों का सेवन प्रतिबंधित रहेगा। प्रत्येक विकास खंड स्तर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी नामित चिकित्सक को नोडल अधिकारी नियुक्त करेंगे।
निर्वाचन के दौरान कोविड-19 से बचाव के लिए सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को नोडल अधिकारी का नाम व मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया जाएगा। नामांकन के दौरान रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष में साबुन, पानी व सैनिटाइजर की व्यवस्था के लिए कर्मी की नियुक्ति की जाएगी। मतदान अधिकारी पीईपी किट पहनकर संक्रमित व्यक्ति का मतदान कराएंगे। डीएम ने नामित नोडल, सहायक नोडल अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।