बागपत। रालोद के अनुशासन समिति के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री धर्मवीर सिंह बालियान ने पार्टी कार्यकर्ता मास्टर सुरेश राणा को नोटिस जारी किया। उनपर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने का आरोप लगाते हुए दो दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। उनका जवाब नहीं मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
यह बताया जा रहा है कि दो दिन पहले दोघट में भाकियू टिकैत की पंचायत में मास्टर सुरेश राणा संचालन कर रहे थे। इस पंचायत में सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान को लेकर कहा गया था कि उनके कहने पर मुकदमा हुआ है। यह मुकदमा 18 जून को किसान दिवस में मारपीट को लेकर दर्ज हुआ था। इस प्रकरण से ही सुरेश राणा से मांगे गए स्पष्टीकरण को जोड़कर देखा जा रहा है। रालोद जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर ने सुरेश राणा को नोटिस दिए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने मुकदमा दर्ज को लेकर यह भी कहा कि उससे सांसद का कोई मतलब नहीं है। वहीं सुरेश राणा का कहना है कि इस बारे में मुझे कोई जानकारी नहीं है। पंचायत में मेरे अलावा भी काफी लोग मौजूद थे।