रटौल। नगर पंचायत में जुनैद फरीदी ने शुक्रवार को दोबारा से चेयरमैन की जिम्मेदारी संभाल ली। उनको हटाने के आदेश हाईकोर्ट ने सात अगस्त को निरस्त कर दिए थे। वह समर्थकों के साथ नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और एसडीएम दीपशिखा ने उनको चार्ज ग्रहण कराया।
रटौल नगर पंचायत के चेयरमैन पद के मई 2023 में हुए चुनाव में निर्दलीय जुनैद फरीदी ने 540 वोटों से जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा प्रत्याशी हाजी मुंतजिर दूसरे स्थान पर रहे थे। हाजी मुंतजिर ने चुनाव के बाद न्यायालय में याचिका दायर कराते हुए कहा था कि जुनैद फरीदी के नामांकन पत्र के साथ जमा किए गए शपथपत्र में आपराधिक इतिहास, करोड़ों रुपये की संपत्ति का विवरण, बैंकों से लिए गए कर्ज की जानकारी छिपाई गई है।
इस मामले में अपर जिला एवं सत्र न्यायालय के न्यायाधीश पवन कुमार राय ने सात मार्च 2026 को जुनैद फरीदी के नामांकन पत्र और शपथ पत्र को शून्य घोषित करने का आदेश दिया था। इसके आधार पर डीएम अस्मिता लाल ने 14 मार्च को दूसरे स्थान पर रहे हाजी मुंतजिर को चेयरमैन बनाने के आदेश दिए और 16 मार्च को एसडीएम खेकड़ा ने उनको शपथ दिलाई।
इन सभी आदेशों के खिलाफ जुनैद फरीदी हाईकोर्ट में गए। हाईकोर्ट ने 7 अगस्त को पुराने सभी आदेश निरस्त कर दिए। इसके साथ ही शपथ ग्रहण की कार्रवाई को अवैध बता दिया। इसके बाद भी उनको चार्ज देने की जगह एसडीएम खेकड़ा को प्रशासक बना दिया गया तो जुनैद फरीदी ने अवमानना याचिका दायर कर दी। इसपर हाईकोर्ट ने जवाब मांगा तो शुक्रवार को जुनैद फरीदी को चेयरमैन का चार्ज सौंप दिया गया।
उन्होंने कहा की रटौल का विकास उनकी प्राथमिकता है। एसडीएम दीपशिखा ने बताया कि जुनैद फरीदी को चार्ज दे दिया है। कार्यभार ग्रहण के बाद कस्बे के विकास को लेकर बात की जा रही है। इस मौके पर निजरात चौधरी, महबूब अंसारी, बाबर चौधरी, उमर फरीदी, फरमान कुरैशी और बाबर चौधरी समेत अन्य मौजूद रहे।