बागपत। सुल्तानपुर हटाना गांव के जंगल में गन्ना समिति के पूर्व चेयरमैन जसबीर के नलकूप पर बर्तन विक्रेता शमशाद निवासी खादराबाद जिला संभल की हत्या का खुलासा करने के लिए पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें पुलिस ने कई लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन खुलासा नहीं हो सका। पोस्टमार्टम के बाद परिवार वाले शव लेकर खादराबाद जिला संभल चले गए।
नैथला-लुहारी मार्ग पर सुल्तानपुर हटाना गांव निवासी गन्ना समिति के पूर्व चेयरमैन जसबीर सिंह के नलकूप पर सोमवार दोपहर खेत में बर्तन विक्रेता शमशाद निवासी खादराबाद जिला संभल की ईंटों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। वहां आए एसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कई टीमों को खुलासे में लगाया। इसको लेकर पुलिस की टीमों ने मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर कई लोगों को चिह्नित किया। इसके बाद चिह्नित लोगों से पूछताछ भी की गई। इसमें जांच अधिकारी मनोज कुमार चहल ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। इसमें कई लोगों से पूछताछ चल रही है, जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।