बड़ौत। पंचायत चुनाव की मतगणना के मद्देनजर पुलिस फोर्स सतर्क नजर आई। चप्पे-चप्पे पर तैनात पुलिसकर्मी संदिग्धों की निगरानी करते रहे। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने भीड़ लगाने पर मतगणना अभिकर्ताओं को जमकर हड़काया।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना का सोमवार को दूसरा दिन था। इस दौरान शांतिभंग की आशंका बनी रहती है। लिहाजा, सभी मतगणना केंद्रों पर पुलिस फोर्स के मुकम्मल इंतजाम किए। मतगणना केंद्रों के लिए तीन सीओ, 15 इंस्पेक्टर, 1060 सिपाही, 150 महिला सिपाही, 560 होमगार्ड एवं पीएसी व रिक्रूट आरक्षी लगाए गए थे। पुलिसकर्मी अपने अपने ड्यूटी प्वाइंट पर मुस्तैदी से काम करते नजर आए। सभी मतगणना स्थल के अंदर से लेकर बाहर तक पुलिस फोर्स तैनात रही। दो सौ मीटर के दायरे में किसी को भी बिना पास के प्रवेश नहीं करने दिया गया। इस बीच कुछ मतगणना अभिकर्ताओं की मतगणना स्थल के बाहर भीड़ जमा हो गई थी। जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने फटकार हटाया। मतगणना के दौरान किसी बात को लेकर कुछ लोगों में बहस हुई। इससे भीड़ एकत्र हो गई। किंतु, पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया। वहीं, डीएम राजकमल यादव व एसपी अभिषेक कुमार भी लगातार निगरानी करते नजर आए।
आईजी व चुनाव पर्यवेक्षक ने लिया जायजा
आईजी प्रवीण कुमार ने मतगणना स्थल कालंदी देवी कॉलेज में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर निरीक्षण किया। वहीं, चुनाव पर्यवेक्षक संतोष राय ने भी मतगणना स्थल पर पहुंचकर कार्य की समीक्षा की।