बड़ौत। नगर के प्रॉपर्टी डीलर बिजेंद्र की हत्या के मामले में कोतवाली पुलिस अभी खाली हाथ है। वहीं, अभी तक इस मामले में परिजनों की तरफ से तहरीर भी नहीं दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
ग्राम महावतपुर निवासी 48 वर्षीय बिजेंद्र पुत्र हरपाल की मंगलवार देर रात दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर पशु पैठ स्थित मेट्रो अस्पताल के निकट स्थित उनके मकान में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस समय वह घर में बिस्तर में बैठा हुआ था और परिवार के अन्य लोग दूसरे कैमरों में थे। गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन बाहर की ओर दौडे़ तो बिजेंद्र लहुलुहान हालत में जमीन पर पड़ा था। उसके सिर में गोली लगी हुई थी। घटना के बाद परिवार के लोग बिजेंद्र को लेकर नगर के एक निजी अस्पताल पहुंचे थे। वहां चिकित्सकों ने बिजेंद्र को मृत घोषित कर दिया था। घटना की जानकारी पाकर एसपी नीरज जादौन, सीओ हरीश भदौरिया, कोतवाल मगनवीर सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे थे। घटना स्थल से पुलिस को एक खोखा भी बरामद हुआ था।
वहीं, पुलिस घटना को लेकर अभी खाली हाथ है। फिलहाल पुलिस घटना के खुलासे को लेकर आसपास लगे सीसीटीवी का सहारा ले रही है। वहीं, इस बाबत सीओ हरीश भदौरिया का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।