बागपत। काठा गांव में जश्ने दोआब कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पोलैंड के एंबेसडर एडम बुराकोवेस्की ने कहा कि सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा। वह भले ही पोलैंड के एंबेसडर हो परंतु भारत में कभी ऐसा महसूस नहीं हुआ। भारत उन्हें अपने घर की तरह लगता है। उन्होंने कहा कि वह वर्ष में एक बार बागपत आते हैं। यहां थोड़ा-थोड़ा विकास हो रहा है।
एंबेसडर एडम बुराकोवेस्की ने कहा कि पोलैंड और हिंदुस्तान में मित्रता है। हमारे आपसी रिश्ते काफी मजबूत हैं और काफी संख्या में हिंदुस्तानी भी पोलैंड में रहते हैं। हिंदुस्तान और पोलैंड के व्यापारिक रिश्ते भी काफी मजबूत हैं। कार्यक्रम के आयोजक साहिल रजा ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य आपसी भाईचारा कायम करना है। इसके साथ आर्ट एवं कल्चर को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में दिल्ली की कलाकार दास्तान वेदिवा ने रामायण को उर्दू में बेहद खूबसूरत अंदाज में पढ़कर वाहवाही लूटी। अन्य कलाकारों ने दर्शकों को खूब हंसाया। रजा हसन ने कहा कि आपसी भाईचारा व गंगा-जमुना की तहजीब कायम कराने के लिए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम का आयोजन कराया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन शीबा ने किया।