बागपत। डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन के नेतृत्व में शुक्रवार को जिले के फार्मासिस्टों ने विभिन्न मांगों को लेकर सीएमओ कार्यालय पर धरना दिया। सीएमओ ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों से वार्ता कर समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद फार्मासिस्ट ने धरना समाप्त कर दिया।
फार्मासिस्ट का कहना है कि प्रमुख सचिव ने 27 जुलाई को समस्याओं का समाधान कराने के लिए जिला स्तर पर प्रत्येक माह एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद जिला स्तर पर बैठक नहीं कराई जा रही है। उन्होंने एलोपैथिक चिकित्सकों की अनुपस्थिति में फार्मासिस्ट को प्रभार भत्ता दिलाने, जिले के सभी फार्मासिस्ट की सेवा पुस्तिका, जीपीएफ व एनपीएफ पुस्तिका पूर्ण कराने, सीएमएसडी स्टोर से सीएचसी व पीएचसी केंद्रों के फार्मासिस्ट को दवा व उपकरण ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था कराने, कोरोना वैक्सीनेशन की व्यवस्था सीएमएसडी से अलग से कराने, शासन से जिला कारागार व चिकित्सालयों के स्थायी फार्मासिस्ट की मांग करने, कोविड वैक्सीनेशन में लगे फार्मासिस्ट का भुगतान कराने, फार्मासिस्ट को समय से ड्यूटी की सूचना उपलब्ध कराने की मांग की। सीएमओ दिनेश कुमार ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों को समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया। सीएमओ के आश्वासन के बाद फार्मासिस्ट ने धरना समाप्त कर दिया।
सीएमओ डॉ. दिनेश कुमार ने एसोसिएशन की मांग पर फार्मासिस्ट अशोक कुमार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ग्वालीखेड़ा और फार्मासिस्ट प्रमोद कुमार का पीएचसी दाहा से पीएचसी डौला स्थानांतरण कर दिया है। इस दौरान एसोसिएशन अध्यक्ष ओमवीर मलिक, मंत्री बृजेश शर्मा, वरुण कुमार, संजीव दांगी, मनोज गोपी, वीरेंद्र कुमार, राजकुमार, मुकेश शर्मा, दिनेश कुमार, बृजेश, अरविंद तोमर व तपेश त्यागी मौजूद रहे।