नौ मई तक घर-घर दस्तक देंगी टीम, सीएचसी के अंतर्गत गठित की गई 44 टीमें
आशा की देखरेख में टीम के सदस्य खांसी, सर्दी, जुकाम व कोरोना के लक्षण वालों की करेंगे पहचान
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। कोरोना की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में बुधवार से पांच दिवसीय अभियान चला रहा है। इसमें लोगों को कोरोना रोग के प्रति सजगता करते हुए संभावित रोगियों को चिह्नित किया जाएगा। लक्षण युक्त व्यक्तियों की जांच एवं आवश्यकता अनुसार औषधि वितरण किया जाएगा। यह अभियान नौ मई तक चलेगा।
अभियान में जनपद के सभी ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर भ्रमण किया जाएगा। इसके लिए दलों का गठन करके माइक्रो प्लान तैयार कर लिया गया है। प्रत्येक टीम को मास्क, ग्लव्स और सैनिटाइजर व प्रपत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। पर्यवेक्षक टीम द्वारा किए गए कार्य की निगरानी करेंगे। टीमें लक्षण युक्त व्यक्तियों को सूचीबद्ध कर उनकी सूचना ब्लाक और जिला मुख्यालय को देंगी।
ऐसे होगा सर्वे
- ऐसे व्यक्ति जिन्हें बुखार खांसी इत्यादि के साथ सांस फूलने जैसे लक्षण प्रकट हो रहे हैं परंतु जिन की अभी तक जांच नहीं हुई है और वह निकटवर्ती स्वास्थ्य केंद्र पर जाने में सक्षम भी नहीं है यथा अकेले रहने वाले वृद्ध व्यक्ति को औषधि उपलब्ध कराएंगे।
- यदि किसी घर में कोविड संक्रमित व्यक्ति है तो उसे होम आइसोलेशन एवं संगरोध के विषय में जानकारी देनी होगी।
- टीम द्वारा सभी व्यक्तियों को राज्य एवं जनपद स्तर के हेल्पलाइन के बारे में अवगत कराया जाएगा।
- सभी परिवारों को कोविड-19 एप्रोप्रियेट बिहेवियर के बारे में पूरी तरह से जानकारी दी जाएगी।
- टीम अपनी गतिविधि की दैनिक रिपोर्ट तथा सूचीबद्ध किए गए लक्षण युक्त व्यक्तियों की सूची शाम 4:00 बजे तक अपने पर्यवेक्षक को उपलब्ध कराएंगे।
लोग सामाजिक दूरी का पालन करें, मास्क लगाएं, अपने हाथों को बार बार साबुन और पानी से अच्छी तरह से धोएं, साबुन पानी की व्यवस्था ना होने पर सैनिटाइजर का प्रयोग करें। बुधवार से शुरू होने वाले सर्वे में स्वास्थ्य कर्मियों से अपने स्वास्थ्य के संबंध में किसी भी सूचना को छुपाए नहीं ताकि लोगों को हर संभव सुविधा तथा जानकारी मिल पाए। बताया कि सीएचसी के अंतर्गत 44 टीम कार्य करेगी। - डॉ. विजय कुमार, सीएचसी अधीक्षक।