छपरौली से रालोद के अजय कुमार सबसे ज्यादा 29508 वोट से जीते, कहा सरकार ने नहीं किया समस्याओं का समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। छपरौली विधानसभा सीट पर जीत का सबसे बड़ा अंतर रहा है। रालोद के अजय कुमार ने 29508 वोट से भाजपा के सहेंद्र रमाला को हराया। अजय कुमार को जीत जरूर मिली, लेकिन वह मानते है कि प्रदेश में रालोद-सपा गठबंधन की सरकार बनने पर हर वर्ग की समस्याओं का समाधान होता।
छपरौली सीट से वर्ष 2002 में विधायक रह चुके अजय कुमार को रालोद ने इस बार दोबारा मैदान में उतारा था। अजय कुमार को 111880 वोट मिली जबकि सहेंद्र रमाला 82372 वोट ही ले सके। अजय कुमार अपनी जीत से काफी संतुष्ट है। कहते है कि सरकार की किसान विरोधी नीतियों, बकाया गन्ना भुगतान, आवारा पशुओं की समस्याओं को ध्यान में रखकर जनता ने वोट किया है। इसके साथ ही उनके पहले कार्यकाल में विकास कार्य कराने व साफ छवि के कारण भी वोट दिया। किसी ने कम तो किसी ने ज्यादा वोट किया, लेकिन उनको हर वर्ग का वोट मिला है। अजय कुमार कहते है कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में रहकर विकास कराना है।