ग्रामीणों के साथ एसपी से शिकायत करने जाते विधायक।
- फोटो : amar ujala
बागपत के रामनगर गांव के युवक निकेश उर्फ निक्की की हत्या के मामले का पुलिस ने आधा अधूरा खुलासा किया। इस पर परिजन भड़क उठे। उन्होंने पहले सिंघावली अहीर थाने पर बाद में एसपी दफ्तर पर हंगामा किया। उनका आरोप है कि पुलिस कातिलों को बचाने में लगी है। उन्होंने एसपी से केस का पूरा खुलासा कराने की मांग की है।
बसपा विधायक लोकेश दीक्षित के नेतृत्व में निकेश के परिजन बृहस्पतिवार को एसपी दफ्तर में पहुंचे। निकेश के पिता रामेश्वर शर्मा ने कहा उनका बेटा पालीटेक्निक पास करने के बाद दिल्ली में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। सोमवार शाम अपने घर से पांच हजार रुपये बदलने के लिए कस्बा अमीनगर सराय में गया था। इसके बाद वापस नहीं लौटा। पुलिस ने उसका शव बुधवार की रात में गांव के किसान मुकेश के खेत से बरामद किया। पुलिस ने गांव के ही युवक राहुल को गिरफ्तार किया। जबकि अन्य किसी को गिरफ्तार नहीं किया।
इस घटना में राहुल के साथ अन्य लोग भी शामिल रहे। राहुल, निकेश का दोस्त था। पुलिस ने घटना की जो कहानी बनाई है। वह भी गलत है। पुलिस ने बताया निकेश, राहुल के साथ मिलकर नौकरी लगवाने के लिए युवकों से रुपये लेता था। रुपये के लेनदेन में राहुल ने उसकी हत्या की है। जबकि निकेश के बैंक खाते में इतने रुपये भी नहीं है। थाना पुलिस ने अन्य कातिलों को पकड़ने के लिए पूरी तरह से मना कर दिया है। उन्होंने एसपी से सभी कातिलों को पकड़कर केस का सहीं खुलासा करने की मांग की। इसमें गौरव, रामप्रसाद, अंकित दीक्षित, राजेंद्र शर्मा, नरेंद्र शर्मा, वेदप्रकाश शर्मा, राजवीर, राजेंद्र मौजूद रहे। एसपी अजय शंकर राय ने बताया युवक निकेश की हत्या में जो लोग शामिल रहे है, सभी के खिलाफ कार्रवाई होगी।
देर रात तक थाने में हुआ हंगामा
अमीनगर सराय। निकेश का शव खेत में पड़ा होने की जानकारी मिलते ही पुलिस आरोपी राहुल को अपने साथ लेकर खेत में पहुंच गई। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों को जानकारी दी और न ही अन्य किसी को। शव को वहां से उठाकर सिंघावली अहीर थाने ले गई। उसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी। पता चलते ही गांव से सैकड़ों लोग वहां पर पहुंच गए। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए देर रात तक हंगामा किया। पुलिस की लोगों से नोकझोंक हुई। आक्रोशित लोग थाने में बवाल न कर दें, इसे देख अफसरों ने वहां दूसरे थाने की पुलिस बुला ली थी। उधर, निकेश की हत्या के मामले में मृतक के पिता रामेश्वर शर्मा ने सिंघावली अहीर थाने में राहुल और उसके भाई रोहित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।