-कलक्ट्रेट सभागार में अटल भूजल योजना की बैठक में तालाबों पर कब्जा होने की डीएम को दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। कलक्ट्रेट सभागार में अटल भूजल योजना की समीक्षा बैठक हुई। सहायक अभियंता ने कहा कि आठ तालाबों पर कब्जा होने के कारण जीर्णोद्धार का कार्य नहीं किया जा रहा है। ग्रामीण इसमें बाधा बन रहे हैं। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने एडीएम को अभियान को चलाकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए।
बैठक में डीएम ने अटल भूजल योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2024-25 में जीर्णोद्धार के लिए प्रस्तावित तालाबों की समीक्षा की। अटल भूजल के सहायक अभियंता ने बताया कि जिले के आठ तालाबों पर ग्रामीणोें का कब्जा है। इसमें मुकुंदपुर औगटी, दत्तनगर, सांकलपुट्टी, डौला, खिंदौड़ा, गाधी, निबाली, हिसावदा के तालाबों पर ग्रामीणों ने कब्जा कर रखा है। इसके कारण वहां कार्य नहीं किया जा रहा है और ग्रामीण इसका विरोध करते हैं। डीएम ने एडीएम को जल्द ही तालाब से कब्जा हटाने के निर्देश दिए ताकि वहां कार्य हो सकें।
डीपीआरओ अरुण अत्री ने बताया कि 30 पंचायतों में तालाबों में जलभराव की समस्या बनी हुई है। तालाबों से पानी निकालने के लिए पंपिंग सेट लगाया जा रहा है। डीएम ने इसके लिए डीडीओ की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति बनाई, जिसमें डीडीओ, डीपीआरओ, भूमि संरक्षण अधिकारी व नोडल अधिकारी को सदस्य नामित किया गया। इस दौरान एडीएम पंकज वर्मा, जिला विकास अधिकारी अखिलेश कुमार, सहायक अभियंता सर्वेश कुमार, भूमि संरक्षण अधिकारी धीरज, जिला उद्यान अधिकारी दिनेश कुमार अरुण मौजूद रहे।