बालैनी। मवीकलां गांव में मुख्य मार्ग पर जलभराव के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नालियों की नियमित सफाई न होने से यह समस्या गंभीर रूप ले चुकी है। ग्रामीणों ने अधिकारियों से शिकायत कर जल्द से जल्द सफाई करवाने की मांग की है।
गांव के गजेंद्र, राजेंद्र, हरेंद्र, राजीव कुमार, बिल्लू, ओमपाल और राजबीर सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि सफाई कर्मचारी नालियों की सफाई पर बिल्कुल ध्यान नहीं देते हैं। इससे नालियों में कूड़ा-करकट जमा हो गया है और पानी मुख्य मार्ग पर फैल रहा है। जलभराव के कारण लोगों का सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को हो रही है, जिनकी पोशाकें गंदी हो जाती हैं। उनकी किताबें और बस्ते भी अक्सर भीग जाते हैं। ग्रामीणों ने यह भी चिंता जताई कि जलभराव में मच्छर पनप रहे हैं। इससे गांव में मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है।
-जलभराव के कारण बच्चों को स्कूल जाने में परेशानी हो रही है। कीचड़ से होकर बच्चों को स्कूल जाना पड़ रहा है और कई बार वह फिसलकर चोटिल हो चुके हैं। -उपेंद्र
-कीचड़ के कारण मच्छर पनपने से बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो रही है। इससे लोग काफी परेशान हैं। -अभिषेक
वर्जन
-गांव में एक सफाई कर्मी है और गांव की जनसंख्या अधिक है। इसलिए एक सफाई कर्मी से पूरे गांव में एक दिन में सफाई नहीं हो पाती है। जल्द ही मुख्य मार्ग पर सफाई कर्मचारी को भेजकर समस्या का समाधान करवाया जाएगा। -आर्यवीर, सचिव