बिजली की अघोषित कटौती से लोग बेहाल
चांदीनगर (बागपत)। रटौल गांव में हो रही अंधाधुंध विद्युत कटौती से लोगों के पसीने छूट रहे है। गर्मी के कारण लोगों को मकानों की छतों व गलियों में घूमकर रात्रि काटने के लिए विवश होना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों से गांव की बिजली की सही सप्लाई कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी और बिजली की अघोषित कटौती के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी अधिक होने के कारण ग्रामीणों को छतों पर रात काटने के लिए परेशान होना पड़ रहा है। विद्युत बिल जमा करने के बावजूद उपभोक्ताओं को जरूरत के अनुसार विद्युत सप्लाई नहीं मिल रही है। कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नही हो पाया है। गांव के साबिर, सतबीर, शहजाद, राकेश, सतीश आदि ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों से गांव की बिजली व्यवस्था सही कराने की मांग की है।