बड़ौत। नगर के पट्टी चौधरान स्थित स्वास्थ्य केंद्र पर फार्मासिस्ट के सहारे ही मरीजों का उपचार चल रहा है। यहां चिकित्सक के बैठने का कोई दिन निर्धारित नहीं होने से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। मरीजों ने चिकित्सक की तैनाती कराने की मांग की है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रोजाना करीब 70 मरीज उपचार कराने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन सप्ताह में तीन दिन फार्मासिस्ट राजीव कुमार ही मरीजों की पर्ची बनाकर दवाई देते हैं। यहां एक चिकित्सक की ड्यूटी है और वह कभी सीएचसी तो कभी अन्य केंद्र पर उपचार के लिए जाते हैं। चिकित्सक के नहीं मिलने के कारण मरीजों को बिना उपचार के लौटना पड़ता है। इससे मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। फार्मासिस्ट ने बताया कि केंद्र पर सप्ताह में दो दिन खून की जांच की सुविधा है और दोपहर बाद प्रसव की कोई सुविधा नहीं है।
- केंद्र पर रोजाना चिकित्सक के बैठने के अलावा खून की जांच की व्यवस्था होनी चाहिए ताकि मरीजों को सलाह व जांच के लिए अन्य अस्पतालों में न जाना पड़े।- मनोज कुमार
-केंद्र पर खून की जांच, प्रसव की सुविधा के साथ एक्सरे की भी सुविधा होनी चाहिए। यहां सुविधा नहीं होने के कारण मरीजों को निजी लैब पर जाना पड़ता है। -सुनीता
वर्जन
-पीएचसी पर अभी सभी जगह सप्ताह में दो दिन ही खून की जांच की सुविधा है। बाकी दिनों में सीएचसी पर मरीज जांच करा सकते हैं। -डॉ. विजय कुमार सीएचसी अधीक्षक बड़ौत