बड़ौत के बावली गांव में लूट के बाद बिखरा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
बड़ौत (बागपत)। बावली गांव की मोल्लू पट्टी में पांच सशस्त्र बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर 45 हजार रुपये की नगदी, बेटी की शादी के लिए जोड़ा गया सामान, सोने-चांदी के जेवरात समेत दो लाख रुपये का सामान लूटकर ले गए। विरोध करने पर परिवार के लोगों के साथ मारपीट की और हथियारों से फायरिंग की। सूचना के बाद भी पुलिस पूरी रात मौके पर नहीं पहुंची और पूरा परिवार दहशत में मकान में बैठा रहा। राजेंद्र पुत्र बारू पट्टी मोल्लू बावली का रहने वाला है।
बुधवार की रात में साढ़े 12 बजे जब पूरा परिवार सोया हुआ था, तभी पांच बदमाश बराबर के मकान से छत के रास्ते नीचे मकान में घुसे और पूरे परिवार को हथियारों के बल पर बंधक बना लिया। जिसने भी बोलने का प्रयास किया, उसे पीटकर चुप करा दिया। बदमाशों ने राजेंद्र की पत्नी संगीत को गन प्वाइंट पर लेकर सेफ की चाबियां मांगी और बदमाशों ने लूटपाट शुरू कर दी। बदमाश घर से 45 हजार रुपये की नगदी, सोने-चांदी के जेवरात, बेटी की शादी के लिए जोड़ा गया सामान भी लूटकर ले गए। लूट गए सामान की कीमत दो लाख रुपये के लगभग बताई है।
बदमाशों ने गृह स्वामी को मारने की नीयत से निशाना बनाकर हथियारों से चार गोलियां चलाई और जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद राजेंद्र ने 100 नंबर पर फोन किया, लेकिन कोई पुलिस वाला नहीं आया। उन्हें कहा सुबह थाने में आकर रिपोर्ट लिखवा देना। पूरा परिवार रात भर मकान में भयभीत बैठा रहा। बृहस्पतिवार की सुबह राजेंद्र और उसकी पत्नी कोतवाली में पहुंचे और गांव के ही पांच युवकों को नामजद कराकर तहरीर दी। इस सूचना के बाद पुलिस बृहस्पतिवार की सुबह गांव पहुंची तो उन्हें मौके से एक खोखा पड़ा मिला।
घर में सामान खुर्द बुर्द पड़ा हुआ था। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है। उधर, बताया गया कि राजेंद्र की अपनी बेटी सोनम का रिश्ता किया हुआ है और उसके लिए पैसा और जेवरात जोड़ा था। उसे नहीं पता था कि शादी से पहले ही बदमाश उस पर डाका डाल लेंगे। वह पुलिस को भी कोस रहा था कि सूचना के बाद भी पुलिस वहां नहीं पहुंची। उसने कहा परिवार को जान का खतरा बना हुआ है।