बागपत (ब्यूरो)। आयकर विभाग की टीम ने डीएम के स्टेनो राजेश शर्मा के घर से 14 लाख रुपये की नगदी बरामद की है। तहसील के प्रशासनिक अधिकारी माशा अल्लाह के घर से करीब ढाई लाख रुपये बरामद हुए हैं, इतनी ही नगदी लिपिक शैलेश के मेरठ स्थित आवास से बरामद हुई है। खनन ठेकेदार महेश गुर्जर और रणवीर चौहान के घर से टीम ने महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।
आयकर विभाग की टीम ने बुधवार को शहर में कानपुर के डिप्टी कमिश्नर वेदप्रकाश के नेतृत्व में डीएम के स्टेनो राजेश शर्मा, तहसील के प्रशासनिक अधिकारी माशा अल्लाह, खनन पटल के लिपिक रहे शैलेश के मेरठ स्थित आवास और खनन ठेकेदार महेश गुर्जर और रणवीर चौहान के आवासों में छापा मारा था।
करीब 13 घंटे तक जांच प्रक्रिया चली। इसके बाद बृहस्पतिवार को रिपोर्ट कंपाइल करने का काम किया। आयकर चोरी और काली कमाई एकत्र करने की शिकायत के बाद आयकर विभाग ने यह कार्रवाई की थी। संयुक्त निदेशक जांच एमके जैन ने बताया राजेश शर्मा के घर से करीब 14 लाख रुपये नगद और संपत्ति के महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं।
माशाअल्लाह और शैलेश के घर से करीब ढाई लाख रुपये की नगदी बरामद हुई, इसके लिए इनकी संपत्ति की जांच की जा रही है। उधर, खनन ठेकेदार महेश गुर्जर और रणवीर चौहान के आवास से पिछले करीब छह साल के खनन के महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं। आयकर टीम इन दस्तावेजों के लिंक जोड़ने का काम कर रही है। इसके बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।