बागपत (ब्यूरो)। नये परिसीमन के बाद स्थानीय निकाय की राजनीति करने वाले नेता सक्रिय हो गए हैं। किसी जगह गणित बन रहा है तो कहीं गणित बिगड़ रहा है। परिसीमन का प्रकाशन शुरू हो गया है, एक सप्ताह में आपत्तियां दाखिल करनी होगी, इसके बाद प्रशासन इन आपत्तियों का निस्तारण करेगा। नगर पंचायत दोघट के नागरिक वार्ड बदलने पर नाराजगी जता चुके हैं।
वर्तमान समय में प्रदेश में स्थानीय निकाय चुनाव की तैयारी चल रही है। जिले की पांच नगर पंचायत और तीनों नगर पालिकाओं के नये परिसीमन का प्रकाशन चल रहा है। प्रकाशन में वार्डों में बड़ा फेरबदल किया गया। वार्डों को बैलेंस करने के लिए वोट घटाए और बढ़ाए गए हैं। ऐसे में कई जगह नागरिकों ने विरोध करना शुरू कर दिया है।
नागरिकों ने कहा वार्ड के परिसीमन में समानता नहीं दिखती, चुनाव में यह परेशानी खड़ी कर देगी। दोघट निवासी लोकेंद्र ठेकेदार, पिंटू चेयरमैन और धर्मवीर ने कहा जिस तरह से दोघटन नगर पंचायत के नये परिसीमन के दौरान वार्ड बनाए गए हैं, वह ठीक नहीं है। मतदान केंद्र कुछ ओर हैं, जबकि वार्ड दूसरा है। कहीं समानता नहीं है, इसका विरोध प्रकट किया जा चुका है।
जल्द ही नागरिक डीएम से मिलकर अपना पक्ष रखेंगे। दूसरी तरफ वार्ड परिसीमन का कार्य देख रहे राज कुमार का कहना है कि सात दिन में लिखित में आपत्ति मिलने के बाद निस्तारण कराया जाएगा। अभी किसी की ओर से लिखित में आपत्ति दाखिल नहीं की गई है।