- नाले के पानी से गांव में संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत। मलकपुर चीनी मिल से निकले नाले के दूषित पानी की समस्या का समाधान नहीं होने के कारण बृहस्पतिवार को मलकपुर में पंचायत होगी। इस पंचायत में आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। ग्रामीणों ने दूषित पानी की वजह से गांव में संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा जताया है।
विनोद, राहुल, राजबीर, ओमपाल समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गांव से निकल रहे नाले के पानी से दुर्गंध आती है, जिससे लोगों का रहना दूभर हो रहा है। इस नाले की वजह से हैंडपंपों का पानी भी प्रदूषित हो सकता है। इसके समाधान के लिए ग्रामीण लंबे समय से आवाज उठा रहे हैं मगर आज तक कोई समाधान नहीं हो पाया है, जिससे ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। इसके समाधान के लिए बृहस्पतिवार को गांव में पंचायत करने का निर्णय लिया गया है, जिसमें अहम निर्णय लिया जाएगा। वहीं एशिया चैंपियन पहलवान सुभाष पहलवान ने फेसबुक पर लाइव आकर कहा है कि अगर नाले का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो वह इसी नाले में जलसमाधि ले लेंगे। कहा कि प्रशासन व जनप्रतिनिधि भी शिकायत करने के बाद समाधान नहीं निकाल पा रहे हैं।
ये बोले ग्रामीण
यह नाला गांव के लिए जहर बन गया है। बच्चों तक की सेहत पर असर पड़ रहा है। शिकायतें बार-बार हुई, लेकिन सिर्फ आश्वासन मिलता है। - बबली तोमर
हम सालों से इस गंदगी का दर्द झेल रहे हैं। नाले का पानी खेतों और घरों तक पर असर डाल रहा है। अब समाधान नहीं हुआ तो गांव के लोग मजबूरन बड़ा आंदोलन करेगा। - अर्जुन तोमर
वर्जन
मिल का गंदा पानी नाले में नहीं छोड़ा जा रहा है। मिल से निकलने वाले पानी को मिल के अंदर शुद्ध करके मिल के अंदर ही इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा आसपास के किसानों की फसलों की सिंचाई के लिए पानी दिया जा रहा है। - विपिन चौधरी, प्रबंधक मलकपुर चीनी मिल
वर्जन
इस संबंध में लगातार शिकायत प्राप्त हो रही है। समस्या का समाधान कराने के लिए मिल प्रशासन से बातचीत की जा रही है। - भावना सिंह, एसडीएम