दोघट। चौगामा क्षेत्र के 12 गांव गन्ना सहकारी समिति बुढ़ाना अंतर्गत आते हैं। इनकी सडक़ों के निर्माण के लिए किसानों से गन्ना विकास शुल्क के नाम पर प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये समिति में जमा कराया जाता है। समिति मुजफ्फरनगर जनपद में होने के कारण जिले की सडक़ों पर कोई पैसा खर्च नहीं किया जा रहा है। यहां का पैसा भी मुजफ्फरनगर में खर्च किया जाता है। इसको लेकर किसानों ने विरोध जताया है।
दो वर्ष पूर्व समिति के पूर्व डायरेक्टर सुखवीर सिंह व मांगेराम निरपुड़ा ने प्रयास कर गन्ना आयुक्त से क्षेत्र का पैसा क्षेत्र में खर्च करने के आदेश कराए थे। जिला योजना में चौगामा क्षेत्र के गांव की सड़क़ों का प्रस्ताव पास न होने से कोई कार्य नहीं हुआ। चौगामा विकास ट्रस्ट के अध्यक्ष जगपाल सिंह ने गन्ना आयुक्त लखनऊ, उप गन्ना आयुक्त सहारनपुर व मेरठ को चौगामा क्षेत्र के 12 गांव में सड़क़ों के निर्माण के लिए समितियों से धनराशि खर्च करने की मांग की है। जिला गन्ना अधिकारी त्रिवेदी ने बताया कि प्रस्ताव बनाकर गन्ना आयुक्त को भेज दिया है। बुढ़ाना समिति में चौगामा क्षेत्र की सडक़ों के लिए दस करोड़ से अधिक की राशि है। ट्रस्ट अध्यक्ष जगपाल सिंह ने बताया कि इसी प्रकार दौराला समिति में भी चौगामा क्षेत्र के कुछ गांव हैं। जिनका पैसा दौराला समिति में जमा है।