- नगर के पुराने कस्बे व बाजार में बिना लाइसेंस के चल रही मीट की दुकानों पर पशु कटान करके बेचा जाता था मीट
- मीट तस्करों व पुलिस की वीडियो वायरल होने पर कई दुकानें बंद, कोतवाली में रसीद लेकर पहुंचे कई दुकानदार
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। नगर पालिका ने मीट बेचने के लिए केवल 15 दुकानों को लाइसेंस दिए हुए है, जबकि कोतवाली में पुलिस के सामने 30 दुकानों के लाइसेंस होने का दावा किया गया। इससे साफ हो गया कि करीब 15 दुकानों को अवैध रूप से खोला गया है। कोतवाली में पहुंचे मीट की दुकान करने वालों से इंस्पेक्टर ने साफ कर दिया कि अगर किसी ने बिना लाइसेंस के मीट बेचा तो मुकदमा दर्ज करके जेल भेज दिया जाएगा।
पुराने कस्बे में मीट तस्करों को पकड़ने के बाद पुलिस के छोड़ने का वीडियो वायरल होने के बाद से हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का शिकंजा कसता देखकर कस्बे में मीट की अधिकतर दुकानों को बुधवार को बंद रखा गया। इसके अलावा मीट की दुकान वाले कोतवाली में पहुंचे। उन्होंने कहा कि नगर में 30 दुकानों के लाइसेंस है और उनके पास स्लाटर हाउस से मीट लेकर आने की पर्ची है। इंस्पेक्टर तपेश्वर सागर ने कहा कि एक दुकान पर लाइसेंस लेकर केवल 25 किलो मीट बेचा जा सकता है। अगर किसी दुकान पर इससे ज्यादा मीट मिला और कोई दुकान बिना लाइसेंस के खुली मिली तो मुकदमा दर्ज करके जेल भेजा जाएगा। इसके साथ ही सभी को रजिस्टर रखकर प्रतिदिन का रिकार्ड उसमें दर्ज करने के लिए कहा गया। इंस्पेक्टर का कहना है कि अवैध पशु कटान किसी भी हालत में नहीं होने दिया जाएगा।
नगर पालिका से केवल 15 दुकानों को मिला है लाइसेंस
नगर पालिका के आरआई शीतल कुमार ने बताया कि नगर पालिका से मीट की दुकानों के आठ लाइसेंस ऑनलाइन जारी हुए है। जबकि सात लाइसेंस ऑफलाइन जारी हुए है। करीब 15 लाइसेंस नगर पालिका ने जारी किए हुए है। अगर कोई 30 लाइसेंस बताता है तो वह पूरी तरह से गलत है। उनका कहना है कि कोतवाली से लाइसेंस की जानकारी के लिए पत्र आया है, जिस पर पूरी जानकारी भेज दी जाएगी।
हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता कार्रवाई के लिए एसपी से मिले
पुराने कस्बे में अवैध पशु कटान करके मीट तस्करी का मामला सामने आने के बाद हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता बुधवार को एसपी से मिले। मांग की गई कि मीट तस्करी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएं और इसमें जिनकी भी संलिप्तता है तो उनपर भी कार्रवाई होनी चाहिए। संगठन मंत्री अंकित बड़ौली के अनुसार पशु कटान से तनाव हो सकता है, इसलिए ऐसा करने वालों पर मुकदमा हो। एसपी नीरज कुमार जादौन ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष सत्यवीर ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष कपिल शर्मा, राजीव विश्वकर्मा, अर्पित, राजीव राजपूत, दीपक मानव, राहुल राजपूत, अंशुल, हिमांशु कौशिक, प्रवीण, दुर्गेश राजपूत आदि मौजूद रहे।