प्रधानाचार्यों को विद्यालयों के व्हाट्सएप ग्रुप में उच्च अधिकारियों के नंबर जोड़ने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। नौवीं से 12वीं तक की कक्षाओं की ऑनलाइन शिक्षण की मॉनिटरिंग की जाएगी। माध्यमिक शिक्षा के अपर शिक्षा निदेशक व संयुक्त शिक्षा निदेशक के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को शत-प्रतिशत बच्चों को ऑनलाइन शिक्षण कराने व मॉनिटरिंग के लिए व्हाटसअप ग्रुप में उच्चाधिकारियों के नंबर जोड़ने के निर्देश दिए है। उन्होंने निर्देशों का पालन न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने बताया कि छात्र-छात्राओं को ई-ज्ञान गंगा और ईएमई विद्या यू-ट्यूब चैनल पर विषयवार उपलब्ध कराई जा रही पाठ्य सामग्री और शिक्षण कराया जा रहा है। 30 जनवरी को अपर शिक्षा निदेशक महेंद्र देव व संयुक्त शिक्षा निदेशक ओंकार शुक्ल ने वर्चुअल मीटिंग कर ऑनलाइन शिक्षण की मॉनिटरिंग की थी। उन्होंने सूचना के बावजूद विद्यालयों के ग्रुप में उच्च अधिकारियों को न जोड़े जाने पर नाराजगी व्यक्त कर शत-प्रतिशत बच्चों को शिक्षण कराने और ऑनलाइन शिक्षण की मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने बताया कि सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को विद्यालयों के व्हाटसअप ग्रुप में मॉनिटरिंग के लिए उच्च अधिकारियों के नंबर जोड़ने के निर्देश दिए है। निर्देशों का पालन न करने और शत-प्रतिशत बच्चों को ऑनलाइन शिक्षण न कराने पर संबंधित प्रधानाचार्यों के खिलाफ प्रतिकूल कार्रवाई की जाएगी।