दोघट (बागपत)। बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर पुसार गांव के पास दो कारों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दूसरा घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मुजफ्फरनगर के गांव बुड़ीना कलां निवासी अनिल कुमार अपने साथी विजयपाल पालीवाल के साथ कार से रविवार की सुबह सोनीपत जा रहा था। कार अनिल चला रहा था। पुसार और कान्हड़ गांव के बीच बड़ौत की ओर से आ रही कार से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में दोनों लोग घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस घायलों को मुजफ्फरनगर के निजी अस्पताल में ले गई। यहां घायल विजयपाल पालीवाल पुत्र विमल किशोर पालीवाल निवासी मुजफ्फरनगर की मौत हो गई जबकि अनिल का उपचार चल रहा है। मृतक के पिता विमल किशोर पालीवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। दूसरी कार में सवार लोगों को भी चोट आई हैं, जो उपचार के लिए चले गए। इंस्पेक्टर नरेश कुमार का कहना है कि मृतक के पिता विमल किशोर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।