फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ढिकौली गांव के युवाओं ने जेब खर्च से तैयार किया मैदान

विज्ञापन
विज्ञापन
चांदीनगर (बागपत)। देश की रक्षा के लिए कई सैनिक देने वाले ढिकौली गांव के युवाओं ने अब आपसी सहयोग से नई मिसाल पेश की है। इन युवाओं ने बिना किसी मदद के अपनी जेब खर्च से तीन लाख रुपये इकट्ठा कर गांव में खेल का मैदान तैयार किया है। इसमें सहयोग किया एमजीएम इंटर कॉलेज की प्रबंधक समिति ने, जिन्होंने अपनी 20 बीघा जमीन मैदान बनाने के लिए दी। अब गांव इस ग्राउंड पर सैकड़ों युवा सेना अन्य भर्ती की तैयारी कर रहे है।
विज्ञापन

करीब 25 हजार की आबादी वाले ढिकौली गांव के अधिकांश घरों के युवा सेना में भर्ती होकर देश की सेवा कर रहे है। अब तक सेना व अन्य भर्ती की तैयारी के लिए गांव में ग्राउंड नहीं था। युवा सड़क पर तैयारी करने के लिए विवश थे। इससे दुर्घटना होने का खतरा रहता था। गांव के मोहित ढाका उर्फ मोती, अंकुर ढाका, सागर, चेतन, गौरव, रोबिन ने बताया कि इस समस्या को देखते हुए ग्राउंड तैयार करने की योजना बनाई कई। एक मई को उन्होंने गांव के एमजीएम इंटर कॉलेज के प्रबंधक प्रवीण ढाका को समस्या से अवगत कराया। प्रबंधक समिति ने युवाओं के भविष्य को देखते हुए 20 बीघा जमीन पर मैदान बनाने की सहमति दे दी। युवाओं ने बिना किसी सरकारी मदद के तीन लाख रुपये इकट्ठा किए और मैदान बनाने की तैयारी में जुट गए। दो माह की कड़ी मेहनत के बाद मैदान तैयार हो गया। अब गांव के ढाई सौ से अधिक युवा ग्राउंड पर सेना और अन्य भर्ती की तैयारी कर रहे हैं।
एमजीएम इंटर कॉलेज के प्रबंधक प्रवीण ढाका ने बताया कि कॉलेज की भूमि पर बनाया गया ग्राउंड अन्य खेलों के लिए भी पर्याप्त है। गांव के युवाओं ने एक मई को ग्राउंड की नींव रखी और दो माह में ग्राउंड को तैयार कर दिया। मैदान को समतल करने, ट्रैक बनाने, प्रकाश व्यवस्था, पेजयल के इंतजाम पर रुपये खर्च किए गए हैं।
विज्ञापन

युवाओं का प्रयास सराहनीय: धामा
चांदीनगर। रविवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर बागपत विधायक योगेश धामा ने फीता काटकर ग्राउंड का उद्घाटन किया। विधायक ने कहा कि युवाओं का प्रयास सराहनीय है। ढिकौली गांव के अधिकांश युवा सैनिक बन कर देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। मैदान तैयार हो जाने के बाद अब अभ्यास में आसानी होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें