अमर उजाला फाउंडेशन, जिला रेडक्रॉस समिति बागपत, लायंस क्लब और इंटरनेशनल गुडविल सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में 14 जून को लगेगा रक्तदान शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
अग्रवाल मंडी टटीरी। अमर उजाला फाउंडेशन, जिला रेडक्रॉस समिति बागपत, लायंस क्लब और इंटरनेशनल गुडविल सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में अग्रवाल मंडी टटीरी की अग्रवाल धर्मशाला में विश्व रक्तदान दिवस (14 जून) को रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर को सफल बनाने की तैयारी चल रही है। शनिवार को लोगों को रक्तदान के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया।
जिला ब्लड बैंक प्रभारी डॉ अनुराग वार्ष्णेय का कहना है कि रक्तदान से पूर्व रक्तदाता के ब्लड की जांच की जाएगी। रक्तदान महादान है और एक यूनिट खून से चार लोगों की जान बचाई जा सकती है। रक्तदान करने से संक्रमित बीमारियों की जानकारी मिलती है। रक्तदान से शरीर पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता है। रक्तदाता के शरीर में रक्तदान के 48 घंटे में रक्त की पूर्ति हो जाती है। कोई भी स्वस्थ व्यक्ति प्रत्येक तीन माह में रक्तदान कर सकता है। शिविर को सफल बनाने के लिए अभिमन्यु गुप्ता, पंकज गुप्ता डॉ कमला अग्रवाल, ईश्वर अग्रवाल, दीपक गोयल ने शनिवार को कस्बे के अलावा डौला, हिसावदा, अमीनगर सराय, खट्टा प्रहलादपुर और मीतली गांव में घर-घर जाकर लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक किया। रक्तदान शिविर सुबह साढे़ आठ बजे से दोपहर दो बजे तक चलेगा। रक्तदाता स्वेच्छा से शिविर में रक्तदान कर सकते हैं।
कोरोना गाइडलाइन का पालन अनिवार्य
ब्लड बैंक प्रभारी डॉ अनुराग वार्ष्णेय ने बताया कि रक्तदान शिविर में कोरोना गाइडलाइन का पालन अनिवार्य रहेगा। शिविर में बिना मास्क अनुमति नहीं मिलेगी। सोशल डिस्टेंस का पालन करना होगा। शिविर में सैनिटाइजेशन की व्यवस्था कराई जाएगी।