बागपत। कोरोना वायरस की महामारी घोषित होने के बाद जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की भरमार हो गई है। जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। अस्पताल में आने वाला हर दूसरा आदमी खांसी जुकाम से परेशान है। लोगों को कोरोना वायरस का डर भयभीत कर रहा है।
लोगों को कोरोना वायरस का डर सताने लगा है। मौसम में आए बदलाव के कारण बागपत सीएचसी और जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हल्की खांसी और जुकाम होते ही लोग कोरोना के भय से अस्पताल की ओर दौड़ लगा रहे हैं। पिछले तीन चार दिनों में जिला अस्पताल व बागपत सीएचसी में दो हजार के पार हो गई है। इलाज के लिए आने वाले अधिकांश व्यक्ति जांच कराने की मांग कर रहे हैं। मरीजों की संख्या बढ़ने से चिकित्सक भी परेशान हैं। सीएमएस डॉ. बीएलएस कुशवाहा ने बताया जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। रोजाना लगभग 11 सौ नए मरीज आ रहे हैं। इनके अलावा इतने ही पुराने मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विभाष राजपूत ने कहा कि मरीज बढ़े हैं।
मेरी कमर में दर्द है, मेरी जांच कर दो
बागपत। लोगों में कोरोना वायरस का डर इतना है कि अगर किसी की कमर में भी दर्द है तो जांच कराने की मांग कर रहा है। मरीजों की हालत को देखकर चिकित्सक भी परेशान है। बृहस्पतिवार को एक महिला सीएसओ कार्यालय पहुंची और चिकित्सक से कोरोना की जांच कराने की मांग की। चिकित्सक के काफी समझाने के बाद महिला शांत हुई।
कोरोना से बचाव के लिए यज्ञ किया
बागपत। क्षेत्र के गांव शबगा के आरडी सिंह वंशिका पब्लिक स्कूल में बृहस्पतिवार को यज्ञ हुआ। इसमें शिवकुमार आर्य ने कहा कि कोरोना जैसी भयंकर बीमारी से बचने का यज्ञ सर्वोत्तम उपचार है। यज्ञ में सहेंद्र, रामपाल, ईश्वर सिंह, तेज सिंह, रणबीर, दानवीर, विरेंद्र आदि रहे।