बागपत। क्यामपुर गांव में महिलाओं पर मुकदमे में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर ब्राह्मण समाज के लोग दस अक्तूबर को एसपी कार्यालय पर धरना देंगे। इससे पहले चार अक्तूबर को मुकदमा दर्ज कराने के लिए कोतवाली में धरना दिया था।
राष्ट्रीय ब्राह्मण जागरूक महासंघ के जिलाध्यक्ष मनोज शर्मा ने बताया कि क्यामपुर गांव में कुलदीप शर्मा के परिवार की महिलाओं पर गली में धूल उड़ने के विवाद में लाठी-डंडोंं से हमला कर दिया गया। जिसमें घायल तीन महिलाओं और एक युवक का सीएचसी में उपचार कराया गया। हमला होने के तीन दिन बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर चार अक्तूबर को ब्राह्मण समाज के लोगों ने कोतवाली में धरना दिया। इसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुकदमा दर्ज होने के कई दिन बाद भी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया। जो समझौता नहीं करने पर पीड़ित परिवार पर समझौता करने का दबाव बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दस अक्तूबर को ब्राह्मण समाज के लोग एसपी कार्यालय पर धरना देंगे।