चांदीनगर (बागपत)। सिगोली तगा गांव में एक ईंट भट्ठे पर मजदूरों को बंधक बनाने की शिकायत पर खेकड़ा एसडीएम और सीओ ने मौके पर पहुंच कर जांच की। टीम को न तो मजदूर मिले और न ही शिकायतकर्ता। एसडीएम ने जांच रिपोर्ट डीएम को सौंपने की बात कही हैं।
सिगोली तगा गांव में महादेव ब्रिक फिल्ड नाम से ईंट भट्ठा है। झिंझाना शामली निवासी शीशराम ने दिसंबर माह में हाईकोर्ट और डीएम के यहां लिखित शिकायत कर अवगत कराया था कि भट्ठे पर मजदूरों को बंधक बनाया गया है। डाक से शिकायत आने के बाद डीएम शकुंतला गौतम ने इसे गंभीरता से लिया। उनके निर्देश पर एसडीएम खेकड़ा राजपाल सिंह, सीओ खेकड़ा दिलीप सिंह और तहसीलदार यदुवंश कुमार बुधवार की दोपहर भट्ठे पर पहुंचे। एसडीएम ने बताया कि उन्हें शिकायतकर्ता शीशराम नामक कोई व्यक्ति नहीं मिला। वहां मौजूद मजदूरों ने बताया की इस नाम का कोई व्यक्ति ईंट भट्ठे पर नहीं है। उन्हें बंधक नहीं बनाया गया है। एसडीएम ने बताया की बृहस्पतिवार को झिंझाना गांव में भी तहसीलदार और टीम को भेजकर जांच कराई जाएगी।