बागपत कलक्ट्रेट में अधिकारियों की बैठक लेते प्रमुख सचिव अमृत अभिजात
- फोटो : BAGHPAT
बागपत। प्रमुख सचिव अमृत अभिजात प्राविधिक शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग/नोडल अधिकारी ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौला व खट्टा प्रहलादपुर के आईटीआई कॉलेज का शीघ्र निर्माण कराने के निर्देश दिए। खेल अधिकारी द्वारा खेल के बारे में जानकारी न देने पर नाराजगी जताई।
उन्होंने सर्दी से बचाव के लिए नाइट शेल्टर हाउस चलाने, नगर पालिका, नगर पंचायत को अस्थायी आश्रय स्थल बनाने, अलाव की व्यवस्था कराने, जेल, थाने और तहसीलों में ठंड से बचाव के इंतजाम के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग को गोवंश को सर्दी से बचाव के लिए चारा, चोकर, दाना की व्यवस्था करने व अवैध खनन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग को नहरों के पानी के रेगुलेशन को सेटेलाइट से जोडक़र टेल तक पानी पहुंचने व नगरीय क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइट ऑनलाइन ऑन ऑफ सिस्टम से जोड़ने के निर्देश दिए।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग को ओमिक्रॉन से बचाव के लिए अलर्ट रहने के निर्देश दिए। मत्स्य अधिकारी को बैठक में अनुपस्थित न होने पर स्पष्टीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने मलकपुर शुगर मिल को बकाए का भुगतान कराने के निर्देश दिए। बैठक में डीएम राजकमल यादव, एडीएम अमित कुमार सिंह, सीडीओ रंजीत सिंह, पीडी विद्यानाथ शुक्ला, उपकृषि निदेशक प्रशांत कुमार, गन्ना अधिकारी डॉ. अनिल कुमार भारती आदि मौजूद रहे।