- 21 सितंबर से हो सकेंगे 100 लोगों के कार्यक्रम
- शिक्षण संस्थाओं पर फैसला 30 सितंबर के बाद संभव
अमर उजाला ब्यूरो
बागपत। अनलॉक-4 में फिलहाल शिक्षण संस्थाओं को राहत नहीं मिली है। मगर, 21 दिन बाद से सामाजिक, अकादमिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में 100 से अधिक लोग एकत्र हो सकेंगे। कंटेनमेंट जोन के बाहर शैक्षिक गतिविधियों के लिए भी 21 सितंबर तक का इंतजार करना पड़ेगा।
अनलॉक-चार में नए नियमों और राहत का खाका तैयार किया जा रहा है। केंद्र सरकार ने गाइडलाइन जारी कर दी है। एडीएम अमित कुमार सिंह ने बताया कि कंटेनमेंट जोन में फिलहाल कोई राहत नहीं मिलेगी। शासन के निर्देशों का गंभीरता से पालन कराया जाएगा। फिलहाल 21 सितंबर के बाद ही शैक्षिक गतिविधियां कक्षा नौ से 12वीं के छात्रों के लिए शुरू हो सकेंगी। मेट्रो के संचालन से राहत मिलेगी।
डीएम ने कहा कि सर्तक रहें अधिकारी
बागपत। डीएम शकुंतला गौतम ने जूम एप के माध्यम से अधिकारियेां की ऑनलाइन बैठक ली। उन्होंने कहा कि लोगों को जागरूक करें, संवेदनशील रहें। सामूहिक प्रयास से ही बीमारी पर नियंत्रण पाया जा सकेगा।
खुले में कोरोना टेस्ट करने पर जताई नाराजगी
बागपत। ठाकुरद्वारा मोहल्ले में स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। नागरिकों ने खुले में कोरोना टेस्ट करने पर नाराजगी जताई। नागरिकों का कहना था कि एक निश्चित स्थान पर नियमानुसार टेस्ट होने चाहिए। जिस तरीके से सैंपल लिए जा रहे हैं, वह खतरनाक है। संक्रमण फैलने का खतरा है। इसकी शिकायत उच्चाधिकारियों से की जाएगी। दामोदर शर्मा, सुधाकर स्वामी, सुरेंद्र वर्मा, अनिल चौहान, अंकुर मौजूद रहे।