बागपत के दाहा में चार दिन से फुंका ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से क्षेत्र का गैडबरा गांव अंधेरे में है। बिजली आपूर्ति नहीं होने से ग्रामीण समस्या झेल रहे हैं। इसके विरोध में ग्रामीणों ने गांव के मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन किया। ट्रांसफार्मर बदलकर आपूर्ति बहाल नहीं कराए जाने पर बिजलीघर से आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि चार दिन पहले गांव को बिजली सप्लाई करने वाला ट्रांसफार्मर फुंक गया था। इसकी सूचना विभाग को दी गई, लेकिन चार दिन बाद भी गांव अंधेरे में है। बिजली निगम के खिलाफ ग्रामीणों ने गांव के मुख्य मार्ग पर हंगामा और प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने ऐलान किया कि व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई तो बिजलीघर से आंदोलन की शुरुआत की जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में मनीष, नौशाद, बिट्टू, नानक, अमित, पप्पू, बिल्लू, सतपाल, नाजिम, विकास, अनीश मौजूद रहे। उधर, जेई विकास कुमार का कहना है कि ट्रांसफार्मर जल्द ही बदलवाने का प्रयास किया जाएगा।
खेकड़ा और फखरपुर में भी हंगामा
खेकड़ा। बिजली आपूर्ति नहीं होने से खेकड़ा और फखरपुर में भी ग्रामीणों ने हंगामा प्रदर्शन किया। फखरपुर में मुख्य चौराहे पर प्रदर्शन किया गया। ग्रामीणों का कहना था कि तीन दिन से बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। प्रदर्शन करने वालों में रोहताश, योगेंद्र, प्रदीप, संजीव और अनिल शामिल रहे। उधर, खेकड़ा के मुख्य बाजार में प्रदर्शन किया गया। सुधीर कुमार, नौशाद, अमित, मोमीन, अमरपाल, विजय, अनिल, देवेंद्र और अनुज का कहना था कि नियमित सप्लाई नहीं दी जा रही है।