खेकड़ा। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड मार्ग पर सड़क हादसों में नौ लोग घायल हो गए, जिनमें चार महिलाएं शामिल हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं घटना की जानकारी होते ही परिजन भी माैके पर पहुंचे।
मवीकलां गांव निवासी इरशाद मंगलवार सुबह परिवार के लोगों महबूब, हारुन, मोमिन, गफ्फार, खालिदा और हुस्ना के साथ ऑटो से दिल्ली जा रहा था। दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर के एलिवेटिड मार्ग पर हसनपुर मसूरी गांव के पास घने कोहरे के कारण विपरीत दिशा से आ रही कार ने ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में सभी लोग घायल हो गए। दूसरा हादसा भी एलिवेटेड मार्ग पर ही हुआ। इसमें दो कारों की भिड़ंत में सहारनपुर से दिल्ली जा रही सहारनपुर निवासी दो महिला राखी और शिल्पी घायल हो गईं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। जांच अधिकारी का कहना है कि हादसे में घायलों का अस्पताल में उपचार कराया गया। शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी।