खेकड़ा की ईओ रही निहारिका चौहान, चेयरपर्सन से हुआ था टकराव
बागपत। मुरादनगर में श्मशान घाट के मामले में गिरफ्तार ईओ निहारिका चौहान जिले की खेकड़ा पालिका की ईओ भी रही हैं। चेयरपर्सन संगीता धामा से टकराव को लेकर निहारिका चौहान सुर्खियों में आ गई थी। सफाई कर्मचारियों ने उनके विरोध में धरना दिया। जिले की पालिका और नगर पंचायतों के अध्यक्षों ने डीएम से मिलकर उनके तबादले की मांग की थी। जिले के प्रकरण की गूंज लखनऊ तक हुई थी।
खेकड़ा की ईओ रहने के दौरान निहारिका चौहान ने 31 दिसंबर 2018 को चेयरपर्सन संगीता धामा के निजी गनर और भांजे पर राइफल तानने और धमकाने का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके अगले ही दिन उन्होंने खुले में दरबार भी लगाया और बाद में उन्हें सुरक्षा भी उपलब्ध कराई गई थी। उधर, चेयरपर्सन संगीता धामा ने भी एसपी ऑफिस पर समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन किया था। निहारिका चौहान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। खेकड़ा के चेयरपर्सन के पक्ष में जिले की पालिकाओं और नगर पंचायतों के अध्यक्ष डीएम और एसपी से मिले और तबादले की मांग की थी। सफाई कर्मचारियों ने भी ईओ के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया था। जुलाई 2019 में ईओ का तबादला हो गया था।