चौधरी परिवार के साथ वाली खबर से संबंधित फोटो। सुभाष पहलवान। स्रोत:विडियोग्रैब
बागपत। वक्फ संशोधन बिल का रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने समर्थन किया तो एशियन गेम्स चैंपियन रहे महाबली सुभाष पहलवान ने उनको मुस्लिमों को धोखा देने वाला बता दिया। उन्होंने अपने बयान की वीडियो जारी करते हुए कहा कि चरण सिंह का साथ देकर प्रधानमंत्री की कुर्सी तक पहुंचाने वाले मुस्लिमों को जयंत ने धोखा दिया है।
सुभाष पहलवान का यह बयान चर्चा में चल रहा है। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों में कई लोगों की मानसिकता ऐसी हो गई है कि दूसरे समाज के विरोध में काम होने पर उन्हें खुशी होती हैं। वक्फ बिल पास होने पर ऐसी मानसिकता के लोग भाजपा के साथ जुड़ जाएंगे। बिल का विरोध करने वाले दलों के साथ मुस्लिम जुड़ जाएंगे।
उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज हमेशा किसान मसीहा स्व. चौधरी चरण सिंह के साथ रहा। मुस्लिम समाज का साथ मिलने से चौधरी चरण सिंह प्रधानमंत्री बने थे। मगर, रालोद अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह ने संसद में वक्फ बिल का समर्थन कर मुस्लिम समाज के साथ दगा की है। वक्फ बिल पास होने से जो लोग खुश हुए वह रालोद के बजाय भाजपा के साथ जाएंगे, लेकिन जयंत को क्या मिला। अब उनसे मुस्लिम समाज भी छिटक गया है।