बागपत। संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पति समेत पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
महाराष्ट्र के अमरावती निवासी अंबादास ने बताया दस साल पूर्व बेटी सपना की शादी रमाला थाना क्षेत्र के किशनपुर बराल निवासी बिट्टू उर्फ ललेंद्र तोमर के साथ हुई थी। बिट्टू के परिजन बेटी सपना के साथ आए दिन अभद्रता करते थे। सपना को पहली संतान बेटी हुई तब से बिट्टू के परिजन बेटी के साथ मारपीट करते थे। अक्तूबर 2020 में सपना ने बेटे को जन्म दिया। इसके दो माह बाद सपना को ससुरालियों ने घर से निकाल दिया था। इसकी शिकायत रमाला थाने की। सुलह के बाद सपना ससुराल चली गई। 23 सितंबर 2020 को बेटी सपना ने महाराष्ट्र में फोन करते हुए कहा ससुराल वाले उसे मारना चाहते हैं। 16 दिसंबर को बिट्टू के परिजनों का फोन आया बेटी ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली है। फोन सुनते ही परिजन घबरा गए। 14 जनवरी को सपना के परिजनों ने एसपी से शिकायत की। एसपी ने रमाला एसओ और महिला एसओ को घटना की जांच के आदेश दिए थे। महिला थाना प्रभारी साक्षी सिंह ने कप्तान के आदेश पर पति बिट्टू उर्फ ललेंद्र तोमर, ननद सुधा, सास शिक्षा देवी, देवर निटू और देवरानी श्वेता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।