असारा गांव में विवाहिता की मौत के बाद जांच करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : amar ujala
बागपत के असारा गांव में सनसनीखेज मामला सामने आया है। महिला रिहाना और उसका चार माह का मासूम बेटा रहस्यमय ढंग से झुलस गया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मासूम की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस और तहसील प्रशासन ने मौका मुआयना किया। मृतका के मायके वालों का आरोप है दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने उसकी हत्या की है। उन्होंने आरोपी पति समेत छह लोगों के खिलाफ रमाला थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है।
असारा गांव के लुकमान की पत्नी परवीन (28) और उसका चार वर्षीय बेटा हमान मंगलवार सुबह रहस्यमय ढंग से झुलस गए। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इससे घर में हड़कंप मच गया। लोगों ने झुलसे बच्चे को बड़ौत अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलते ही मृतका परवीन के मायके वाले गांव में पहुंचे।
आरोप है दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने परवीन और उसके बेटे को जिंदा जलाया है। आरोपी काफी समय से परवीन का उत्पीड़न कर रहे थे। उन्होंने आरोपी पति लुकमान समेत छह लोगों के खिलाफ रमाला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। रमाला थाना प्रभारी सतीश चंद्रा ने कहा इस मामले में छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज हो गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
ससुराल वाले बोले: परवीन ने बच्चे के साथ खुद लगाई आग
बागपत। मृतका परवीन के ससुरालियों ने पुलिस को जानकारी दी कि लुकमान का अपने बड़े भाई फरमान से कमरे में भूसा डालने को लेकर मंगलवार सुबह विवाद हो गया था। लुकमान की पत्नी परवीन झगडे़ के दौरान बीच में बोल रही थी। लुकमान ने उसे बीच में बोलने से मना किया था। इसी बात पर उसने अपने और अपने बेटे के ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली। इससे उसकी मौत हो गई। जबकि बच्चा झुलस गया।
महिला की थी दूसरी शादी
बागपत। पुलिस का कहना है महिला परवीन गाजियाबाद के पसौंड़ा गांव की रहने वाली थी। उसकी लुकमान से दूसरी शादी थी। पहले पति से उसका तलाक हो गया था।