- कोर्ट रोड की छह गलियों के अलावा भजन विहार, ठाकुरद्वारा मोहल्ले में हो रही दूषित पानी की सप्लाई
- ट्यूबवेल के बोरिंग में खराबी होने से बने हालात, शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। बागपत शहर के कोर्ट रोड की छह गलियों के अलावा भजन विहार, ठाकुरद्वारा आदि मोहल्लों में तीन दिन से दूषित पानी की सप्लाई हो रही हैं। इससे भीषण गर्मी में पांच हजार से ज्यादा लोग स्वच्छ पेयजल के लिए तरस रहे हैं। इसका कारण ट्यूबवेल के बोरिंग में खराबी होना बताया जा रहा है। लोगों कई दिन से लगातार नगर पालिका में शिकायत कर रहे हैं, इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
कोर्ट रोड की एक से छह नंबर गली, भजन विहार, ठाकुरद्वारा मोहल्ला, मास्टर कालोनी, बड़ा बाजार, सिसाना रोड, बड़ौत रोड, ईदगाह मोहल्ला, नौरोजपुर रोड समेत अन्य कई कॉलोनियों और मोहल्लों में तीन दिन से दूषित पानी की सप्लाई हो रही हैं। इससे लोगों की समस्या बढ़ गई है। जिन लोगों के घरों में सबमर्सिबल लगा हुआ है, वहां से पानी लेकर आना पड़ रहा हैं। लोगों का आरोप है कि जिन जगहों पर दूषित पानी की सप्लाई हो रही है, वहां करीब पांच हजार लोग रहते हैं। दूषित पानी की समस्या के समाधान के लिए लगातार तीन दिन से नगर पालिका कार्यालय में शिकायत कर रहे हैं। इसके बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही हैं।
शहर में अधिकतर जगहों पर तीन दिन से दूषित पानी सप्लाई होने की समस्या है। इस समस्या के समाधान के लिए कई बार नगर पालिका में जाकर मांग कर चुके हैं। अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं। इसके बाद भी परेशान किया जा रहा है। - शिवराज रूहेला, भजन विहार
--
घरों में पिछले कई दिनों से दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। इसकी शिकायत भी कर चुके है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। समस्या का जल्द समाधान कराया जाना चाहिए, जिससे साफ पानी की सप्लाई हो सके। - राहुल, भजन विहार
--
घर में पीने के लिए आसपास लगे सबमर्सिबल से पानी लेकर आना पड़ रहा है। इससे परेशानी हो रही है। दूषित पानी की समस्या पहले भी कई बार हुई और इसका स्थाई समाधान कराया जाना चाहिए। - रजनी देवी, गली नंबर पांच
--
दूषित पानी की सप्लाई होने से परेशानी बढ़ रही है। पानी के साथ मिट्टी आ रही है, जिससे पानी को किसी भी काम में इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है। इस समस्या का जल्द समाधान किया जाना चाहिए। - शशांक, ठाकुरद्वारा
ट्यूबवेल के बोरिंग में खराबी होने पर ठीक करने के लिए मिस्त्री को कहा गया है। पानी दूषित आने की समस्या का समाधान कराया जा रहा है। बृहस्पतिवार से दूषित पानी की समस्या नहीं रहेगी। - ललित आर्य, ईओ नगर पालिका बागपत