-भाजपा जिलाध्यक्ष ने हथियार लहराने वाले के खिलाफ मोर्चा खोला तो तीन दिन बाद शुरू हुई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। शहर के मोहल्ला मुगलपुरा में भाजपा नेता के जुलूस में हथियार लहराने के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष ने मोर्चा खोल दिया। इसके बाद पुलिस ने अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष के गनर की राइफल जब्त कर ली। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
शहर के मोहल्ला मुगलपुरा में तीन दिन पहले भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष तालिम चौधरी ने मेरठ के एक समारोह से वापस लौटकर जुलूस निकाला, जिसमें एक युवक ने राइफल लहरा दी। इसकी कुछ लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। इसके बाद वीडियो वायरल करने के शक में दो पक्ष आमने सामने आ गए। इस मामले में लोगों ने पुलिस को वीडियो भेजकर कार्रवाई की मांग की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इस मामले में बृहस्पतिवार को भाजपा जिलाध्यक्ष वेदपाल उपाध्याय ने एसपी से शिकायत कर हथियार लहराने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके बाद पुलिस हरकत में आई और वायरल वीडियो की जांच की। जांच में जुलूस में लहराई गई राइफल भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष तालिम चौधरी के गनर की निकली। पुलिस ने भाजपा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष के गनर की राइफल कोतवाली में जब्त कर ली। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
-
वीडियो वायरल करने के शक में तीन बार हो चुका है झगड़ा
मोहल्ला मुगलपुरा में हथियार लहराने की वीडियो वायरल करने के शक में तीन बाद झगड़ा हो चुका है। इसमें पहले दिन निजी चिकित्सक आशु के घर पर चार-पांच युवकों ने हमला किया। इसके बाद भी दो बार मोहल्ले में ही दो युवकों के बीच झगड़ा हुआ।
-
वर्जन-जुलूस में हथियार लहराया जाना पूरी तरह गलत है, जिसकी कानून अनुमति नहीं देता। हथियार लहराकर दहशत का माहौल बनाने और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। -वेदपाल उपाध्याय, जिलाध्यक्ष भाजपा।
वर्जन-मुझ पर पहले हमला हो चुका है, जिस कारण निजी गनर रख लिया था। जुलूस में हथियार लहराने के आरोप गलत हैं। कुछ लोग रंजिश में आरोप लगवा रहे हैं।-तालिम चौधरी, जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ भाजपा।
नोट: भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष के गनर की राइफल जब्त वाली खबर के साथ लगाएं
घर में घुसकर चाकू से हमला करने का आरोप लगाया
बागपत। मोहल्ला मुगलपुरा की रहने वाली रूबी ने बताया कि मोहल्ले के कुछ लोग आम आदमी पार्टी के समर्थक थे, मगर लोकसभा चुनाव में उन्होंने रालोद-भाजपा गठबंधन के प्रत्याशी को वोट दिया। आरोप लगाया कि इसी रंजिश में दूसरे पक्ष के कई लोगों ने बुधवार शाम उसके जेठ दिलशाद पर चाकू और लाठी डंडों से हमला कर दिया। घायल दिलशाद का सीएचसी में उपचार कराया गया। तहरीर मिलने पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई। पुलिस का कहना है कि हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।