बागपत। प्रवासियों और जमातियों को घर भेजे जाने का जिले में बुधवार को सिलसिला जारी रहा। जिले में ठहरे 13 जमाती को उनके घर भेजा। हरियाणा की ओर से यमुना के रास्ते प्रवासी मजदूर जान जोखिम में डालकर बागपत पहुंचे, उन्हें स्क्रीनिंग सेंटर ले जाया गया। डीएम शकुंतला गौतम और एसपी प्रताप गोपेंद्र यादव ने ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे का भी दौरा किया।
मंगलवार की रात में पंजाब हरियाणा, पानीपत, सोनीपत से आए मजदूरों ने बताया कि 40 मजदूरों का काफिला बागपत यमुना के रास्ता आए। इनमें छोटे-छोटे बच्चे भी शामिल रहे। समीन अहमद ने बताया कि 11 साथियों के साथ पंजाब के लुधियाना से बंगाल के लिए जाना था, जबकि हरियाणा स्थित फैक्टरी में काम करने वाली मीनू ने बताया कि बच्चों के साथ मजदूरी कर रही है। पैसा खत्म होने के कारण यमुना पार कर मुजफ्फरपुर जाना है। उन्होंने परिवार के साथ पैदल यात्रा की। बालैनी के कृष्णा महाविद्यालय से 13 जमाती को एसडीएम सदर रामनयन सिंह ने रोडवेज से रवाना किया। इस दौरान दरोगा बलराम सिंह यादव, समाजसेवी हाजी निजात खान आदि मौजूद रहे।