मिड डे मिल का गेहूं-चावल चोरी
खेकड़ा (बागपत)। क्षेत्र के गांव सलावतपुर खेड़ी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में रात्रि के समय चोरो ने धावा बोलकर मिड डे मील का गेहूं, चावल और गैस सिलेंडर समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। शिक्षकों ने खेकड़ा कोतवाली में सामान चोरी कर ले जाने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी।
क्षेत्र के गांव सलावतपुर खेड़ी स्थित प्राथमिक विद्यालय में ब्रहस्पतिवार की रात्रि में किसी समय अज्ञात चोरो ने धावा बोल दिया। चोरो ने विद्यालय के सभी कमरो के ताले तोड़कर कमरों में रखा मिड डे मील का 150 किलो गेहूं, 150 किलो चावल, गैस सिलेंडर और सौर ऊर्जा पैनल की बैटरी चोरी कर ली। शुक्रवार की सुबह जब शिक्षक विद्यालय में पहुंचे तो घटना का पता लगा। इसके बाद प्रधानाध्यापक देवेंद्र कुमार ने अन्य शिक्षकों के संग खेकड़ा कोतवाली में पहुंचकर अज्ञात चोरो के खिलाफ विद्यालय से सामान चोरी होने की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार शर्मा का कहना है कि विद्यालय में हुई चोरी की तहरीर मिल गई है। चोरो का सुराग लगाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।