बागपत। परिषदीय विद्यालयों की हालत सुधर नहीं रही है। बेसिक शिक्षा अधिकारी के निरीक्षण के दौरान स्कूलों में जहां गंदगी के ढेर मिले, वहीं मिड-डे-मील में गड़बड़ी भी पकड़ी गई है। अटैच शिक्षक का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।
बेसिक शिक्षा अधिकारी योगराज सिंह ने परिषदीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। धनौरा के प्राथमिक विद्यालय में जहां बच्चों की संख्या कम रही, वहीं मिड-डे-मील में भी गड़बड़ी मिली। छात्रों की संख्या कम थी ओर रजिस्टर में संख्या को बढ़ाया हुआ था। स्कूल के प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा। ग्वालीखेड़ा के प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक जितेंद्र कुमार का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए हैं। क्योंकि उक्त शिक्षक को दूसरे स्कूल में भी अटैच किया हुआ था। वहां पर आज तक भी बच्चों को पढ़ाने के लिए नहीं गए थे। इस पर बीएसए ने नाराजगी जाहिर की। सुभानपुर के प्राथमिक विद्यालय में उन्हें गंदगी के अंबार नजर आया, जिस पर उन्होंने स्कूल के शिक्षकों को फटकार लगाई। स्कूल में साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा कंप्यूटर को सही कराने के निर्देश दिए, जिससे स्कूल संबंधित कार्य हो सके और छात्र-छात्राओं को भी कंप्यूटर का ज्ञान कराया जा सके। हिसावदा के उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक की कमी को देखते हुए अन्य शिक्षक को अटैच करने के निर्देश दिए। बीएसए योगराज सिंह ने चेतावनी देते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा मुहैया कराई जाएगी। लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। स्कूलों में छात्रों की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया।