बड़ौत (बागपत)। माउंट लिटरा स्कूल में सोमवार को ‘मेरी बेटी मेरा मान’ पर सांस्कृतिक व रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें बेटियों ने एक से बढ़कर एक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबका मनमोह लिया। मेधावियों को ट्राफी व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूल के चेयरमैन हंस कुमार जैन, बिजेंद्र जैन, डायरेक्टर हिमांशु जैन, प्रधानाचार्य विनय चौधरी व मीडिया प्रभारी ओपी शर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। चेयरमैन हंसकुमार जैन ने कहा कि आज बेटियां हर क्षेत्र में लड़कों की बराबरी कर रही है। पढ़ाई का क्षेत्र हो या फिर खेलकूद, हर जगह बेटियां झंडा फहरा रही है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बेटा व बेटी में कोई अंतर न समझे। मीडिया प्रभारी ओपी शर्मा ने बालिका शिक्षा पर जोर दिया। कहा कि शिक्षित बेटी एक साथ दो परिवार को शिक्षित करती है। इसके बाद बालिकाओं ने देशभक्ति कार्यक्रम के अलावा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, कन्या भ्रूण हत्या, दहेज हत्या व बालिका शिक्षा पर कार्यक्रम प्रस्तुत कर सबका मन मोह लिया। बेटा-बेटी एक समान, मेरी बेटी मेरा मान कार्यक्रम पर सुंदर-सुंदर स्लोगन तैयार किए। अंत में कार्यक्रम में शामिल अभिभावकों, शिक्षकों व गणमान्य लोगों को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का संकल्प दिलाया गया। संचालन मीडिया प्रभारी ओपी शर्मा ने किया। अंत में मेधावी बेटियों को ट्राफी व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।