-पुलिस ने विवाहिता को कराया बंधनुमुक्त, पीड़िता ने की कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
दोघट। बेगमाबाद गढ़ी में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता को कमरे में बंधक बनाकर मारपीट की। पता चलने पर मायके वाले पुलिस लेकर पहुंचे और उसे बंधनमुक्त कराकर उपचार कराया। विवाहिता ने ससुराल वालों पर यातनाएं देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
बरनावा गांव की रहने वाली संतोष ने बताया कि उसकी शादी फरवरी 2023 को बेगमाबाद गढ़ी गांव के युवक के साथ हुई थी। आरोप लगाया कि शादी के बाद दहेज में तीन लाख रुपये की मांग की गई तो उन्होंने इंकार कर दिया। इसमें कई बार सामाजिक तौर पर समझौता भी हुआ, लेकिन ससुराल वाले नहीं माने। आरोप लगाया कि चार नवंबर को ससुराल वालों ने उसे कमरे में बंधक बनाकर यातनाएं दीं। उधर, पड़ोसियों ने उसके मायके वालों को घटना के बारे में बताया। इसके बाद विवाहिता का भाई पुलिस लेकर ससुराल पहुंचा। इस मामले में थाना प्रभारी सोनवीर सिंह का कहना है कि विवाहिता का मेडिकल कराया गया है, जांच के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।