बागपत। डीएम शकुंतला गौतम ने मेडिकल मोबाइल यूनिट को संक्रमण संबंधित क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने और जहां कोविड-19 के अधिक प्रकरण प्रकाश में आ रहे हैं, वहां संभावित व्यक्तियों की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में प्रवासी अधिक संख्या में आए हैं या कोविड संक्रमण से मृत्यु हुई हो या बुखार व खांसी के मरीजों की संख्या अधिक हो, ऐसे क्षेत्रों को चिन्हित करने के निर्देश दिए।
डीएम और एसपी ने कलक्ट्रेट सभागार में कोविड-19 को लेकर स्वास्थ्य विभाग और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षकों की बैठक ली। डीएम ने सीएमओ को कार्य योजना तैयार कर आशा और ग्राम प्रधानों को जानकारी देने व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। मोबाइल मेडिकल कम से कम तीन स्थानों पर शिविर कैंप लगाए व लाउड स्पीकर के माध्यम से प्रचार प्रसार कर खांसी, बुखार व जुकाम से पीड़ित लोगों को उपचार के प्रेरित करें। मेडिकल वाहनों में शुगर जांच के लिए ग्लूकोमीटर एवं स्ट्रिप और कोविड-19 नमूना लेने के लिए वीटीएम पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होनी चाहिए। इसके अलावा पल्स ऑक्सीमीटर और कोल्ड चयन के लिए वैक्सीन बॉक्स जिसमें लाल रंग का स्थायी चिह्न अंकित हो उपलब्ध रहना चाहिए। कोविड-19 अस्पताल में प्रतिदिन साफ सफाई बेड सीट बदलने व शौचालय की साफ सफाई कराने व प्रोटोकॉल के अनुसार कार्य कराए जाने के निर्देश दिए। कोविड-19 अस्पताल में सुबह को गुणवत्तापूर्ण नाश्ता, दो बजे तक लंच व आठ बजे तक डिनर की व्यवस्था कराई जाए। बाहर से आने और जाने वाले लोगों पर नजर रखी जाए। 245 ग्राम पंचायतों में एएनएम के लिए इंफ्रारेड थर्मामीटर खरीदने के निर्देश दिए । इस दौरान सीएमओ डॉ. आरके टंडन , सीएमएस डॉ. बीएल कुशवाह, डिप्टी सीएमओ डॉ. यशवीर सिंह, विभाष राजपूत आदि रहे।