बागपत। गन्ना मूल्य के भुगतान में फिसड्डी मलकपुर समेत नौ चीनी मिलों की आरसी जारी कर दी। इन मिलों पर ब्याज समेत 1118.32 करोड़ रुपये बकाया है। अकेले मलकपुर चीनी मिल पर किसानों के मय ब्याज 260 करोड़ 64 लाख रुपये अवशेष है। गन्ना आयुक्त विपिन कुमार द्विवेदी ने इन चीनी मिलों के खिलाफ कार्रवाई की है।
जिला गन्ना अधिकारी सुशील कुमार ने बताया प्रदेश में कुल 117 चीनी मिलें हैं। इनमें 40 प्रतिशत से कम भुगतान करने वाली नौ चीनी मिलों के खिलाफ गन्ना आयुक्त ने आरसी जारी की है। इनमें मलकपुर, मोदीनगर, तितावी, मवाना, चिलवरिया, बृजनाथपुर, बहेड़ी, ऊन और बिलारी चीनी मिलें शामिल हैं।
जिला गन्ना अधिकारी ने बताया बागपत जनपद की मलकपुर चीनी मिल पर बगैर ब्याज के 244 करोड़ 67 लाख 54 हजार रुपये बकाया है। नौ चीनी मिलों पर केवल ब्याज की धनराशि ही 83.12 करोड़ है। वसूली प्रमाण पत्र शनिवार को जारी किया गया। बागपत के किसानों के गन्ना क्षेत्र की तीन चीनी मिलें इनमें शामिल हैं।